फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंबा: चुराह पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, भंजराड़ू में होगा विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर भंजराड़ू पहुंचे। भंजराड़ू हेलीपैड पर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पार्टी के कई सदस्य भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भंजराड़ू स्थित कला मंच में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के लिए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित कर चुराह विधानसभा क्षेत्र में सरकार की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र में विकास गतिविधियों को गति देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को भी इस दौरान क्षेत्र से जुड़ी विकास संबंधी घोषणाओं और योजनाओं की जानकारी मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार शाम छह बजे देहग्रां स्थित मेला मैदान में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव भी देहग्रां में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और कांग्रेस संगठन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं। क्षेत्र के लोगों को इस दौरे से विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कई उम्मीदें हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें