फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंबा: दस गारंटियों पर घिरी सुक्खू सरकार, भाजपा नेता जय सिंह ने उठाए सवाल

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दस गारंटियों के नाम पर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अब तक अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से नए जिले बनाने को लेकर की जा रही चर्चाओं पर भी सवाल उठाए। पत्रकार वार्ता में जय सिंह ने कहा कि चुनावी वर्ष नजदीक आते ही सरकार नए जिले बनाने की बात कर रही है, जबकि प्रदेश पहले से भारी कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश पर करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और कर्मचारियों व पेंशनरों की देनदारियां भी लंबित हैं। जय सिंह ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि चंबा जिले के करीब 65 हजार युवा और प्रदेश के लाखों बेरोजगार स्थायी रोजगार मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने और गोबर खरीदने के चुनावी वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता को चुनाव के दौरान किए गए वादों के पूरा होने का इंतजार है। सरकार को इन घोषणाओं पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। भाजपा नेता ने चंबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उपचार में कथित लापरवाही के कारण हुई मौतों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया। जय सिंह ने साहो में जल शक्ति विभाग का मंडल खोलने की घोषणा पर भी अमल नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को इस घोषणा के पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन अभी तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। जय सिंह ने दावा किया कि चंबा में एक बीपीएल परिवार को तीन महीने का 5300 रुपये का बिजली बिल मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा कब पूरा किया जाएगा। उन्होंने सरकारी राशन डिपुओं में देरी से आपूर्ति, अधूरा राशन मिलने और आटे में कीड़े पाए जाने की शिकायतें भी उठाईं। भाजपा नेता ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार कर पात्र परिवारों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। जय सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के वादों और कामकाज पर नजर रख रही है। उनके अनुसार, आगामी चुनाव में जनता सरकार से उसके चुनावी वादों और अब तक किए गए कार्यों का जवाब मांगेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें