चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर बडोह के पास बाइक दुर्घटना में एक दंपत्ति बुरी तरह से घायल हो गया। जहां से उन्हें घायल अवस्था में एंबुलेंस के जरिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनके जख्मों का इलाज किया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों की पहचान जीत सिंह पुत्र चंद निवासी गांव सरेई डाकघर कोहाल और डोली देवी पत्नी जीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों पति पत्नी बाइक पर सवार होकर कोहाल से सुरंगानी जा रहे थे। जैसे ही बाइक लेकर वह बडोह के पास पहुंचे तो अचानक बाइक स्किड हो गई। इससे दोनों बाइक के साथ सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें लगी। मौके पर जमा हुए लोगों ने उन्हें एंबुलेंस के जरिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए अपनी जांच शुरू कर दी है। घायलों के ब्यान भी कलमबद्ध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि बाइक दुर्घटना में पुरुष व महिला घायल हुए हैं। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।