पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर में मंगलवार को अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार ने किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में 30 स्कूलों के 300 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतने के लिए अपना दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और भाला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाएं करवाई जाएंगी। दो दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने के लिए मैदान में पसीना बहाएंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों में विभिन्न खेल स्पर्धाओं को लेकर उत्साह है।