मंडी में आई आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए अनेक संस्थाएं सहयोग में लगी हैं। इसी कड़ी में घुमारवीं के वरिष्ठ नागरिक 86 वर्षीय रूप लाल महाजन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपये की सहायता राशि भेंट की। यह सहायता राशि का चेक उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश गौतम की उपस्थिति में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी को सौंपा। इस अवसर पर रूप लाल महाजन ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी नागरिकों को एकजुट होकर पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य लोग भी इससे प्रेरणा लेकर आगे आएंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने रूप लाल महाजन के इस योगदान को एक मिसाल बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 86 वर्षीय नागरिक द्वारा स्वेच्छा से इतनी बड़ी धनराशि दान करना एक प्रेरणादायक कदम है। मंत्री ने कहा कि सरकार आपदा राहत कार्यों में पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन समाज के सहयोग से यह कार्य और भी प्रभावशाली हो सकता है। इस मौके पर अरविंद महाजन, बृजलाल महाजन, राजीव शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।