यमुनानगर। चार अक्तूबर को प्रस्तावित किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर भारतीय किसान यूनियन की जिला कमेटी की बैठक सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस जगाधरी में हुई। बैठक की अगुवाई दीपा राणा नंबरदार ने की। जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि महापंचायत ऐतिहासिक होगी और इसमें किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में यूनियन एकता जिंदाबाद के नारे भी लगाए सुभाष गुर्जर ने बताया कि बैठक में जिला पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों से महापंचायत की तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि महापंचायत में भाकियू नेता राकेश टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रतनमान सहित कई किसान नेता शामिल होंगे। संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर महापंचायत के लिए प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। किसानों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह है। उन्होंने बताया कि महापंचायत में किसानों के बैठने के लिए व्यवस्था की गई है। चाय, पानी, भोजन और जलेबी की व्यवस्था भी रहेगी। किसानों के मनोरंजन के लिए हरियाणवी कलाकारों को भी बुलाया गया है। उन्होंने किसानों से ट्रैक्टरों के साथ अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की। गुर्जर ने कहा कि महापंचायत में गन्ने के भाव, अमेरिका के साथ ट्रेड डील और मंडियों में धान बेचने के दौरान किसानों को आ रही परेशानियों समेत अन्य किसान मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इन विषयों पर आगे की रणनीति को लेकर फैसले लिए जाएंगे। बैठक में यादविंदर कांबोज, नरेश मोहड़ी, मान सिंह मजाफत, सुखदेव सिंह टिब्बी, दिलबाग ताहरपुर, सुभाष शर्मा, राहुल संधाय, जगतार रानीपुर, हरपाल सुढल, राजीव तेजली, जनक पांडो, सुखदेव सलेमपुर, जसवीर पांडो, अशोक डांगी, सुभाष हरतौल, बीर सिंह संधू, महासिंह, राजवीर अहड़वाला, जसबीर मारवा, गुरनाम अजीजपुर, बिजेंद्र राणा, पवन गोयल, दयाराम जयधर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।