सोनीपत। राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-12 में चार दिवसीय ‘हुनर हाट-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। तीसरे दिन शुक्रवार को छात्राओं ने हस्तनिर्मित और सजावटी उत्पादों के स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता और उद्यमशीलता का प्रदर्शन किया। इस दौरान भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां की तीन सदस्यीय निरीक्षण टीम ने छात्राओं से उत्पादों की लागत, मूल्य निर्धारण व विपणन की जानकारी ली। निरीक्षण टीम में अंग्रेजी विभाग से डॉ. अमृता, संस्कृत विभाग से डॉ. श्रीलेखा और शारीरिक शिक्षा विभाग से डॉ. बबीता शामिल रहीं। टीम ने प्राचार्या डॉ. किरण सरोहा के साथ विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया। सदस्यों ने छात्राओं के हस्तनिर्मित उत्पादों और कलात्मक वस्तुओं की सराहना करते हुए उन्हें अपने कौशल को निखारने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. सुनील कुमार पंवार ने बताया कि आयोजन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के अंतर्गत प्लेसमेंट सेल और स्टूडेंट लेड करियर डेवलपमेंट सेल की ओर से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनके कौशल को व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना है।उन्होंने कहा कि हुनर हाट के माध्यम से छात्राओं को उत्पादन, प्रबंधन, ग्राहक व्यवहार, मूल्य निर्धारण और विपणन का प्रत्यक्ष अनुभव मिल रहा है। यह पहल उन्हें भविष्य में स्वरोजगार और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।