सोनीपत। गांव धतूरी के पास रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक रोजी-रोटी कमाने के लिए उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सोनीपत आते थे और धतूरी स्थित शीशा फैक्टरी में काम करते थे। हादसा रात धतूरी के पास मोड़ पर हुआ। हादसे का पता लगने पर पुलिस को अवगत कराया गया। सुबह परिजनों को मामले का पता लगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव मुकारी निवासी राहुल त्यागी (35) और अनुज दत्त उर्फ विजय (34) धतूरी गांव में शीशा फैक्टरी में नौकरी करते थे। वह दोनों बाइक पर सवार होकर फैक्टरी में काम करने के लिए सोनीपत आते थे और ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस घर लौटते थे। रविवार रात को दोनों बाइक से घर के निकले थे। बाइक को राहुल चला रहे थे। जब वह गांव धतूरी में मोड़ पर पहुंचे तो उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। देर रात अंधेरा होने के चलते किसी को पता नहीं लगा। बाद में मामले का पता लगने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सुबह परिजनों को मामले का पता लगा। जिसके बाद परिवार के सदस्य नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां पुलिस ने पंचनामा कराया।