सेवा संकल्प अभियान के तहत गोहाना उपमंडल की सभी 10 पंजीकृत गोशालाओं में गोवंश के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। संबंधित पशु चिकित्सकों और विभागीय कर्मचारियों ने गोशालाओं में पहुंचकर गोवंश के स्वास्थ्य की जांच की। जांच के दौरान लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) के संभावित लक्षणों को लेकर विशेष निगरानी की गई। विभाग के अनुसार किसी भी गोशाला में एलएसडी का कोई मामला नहीं मिला। सभी 10 पंजीकृत गोशालाओं में एलएसडी का टीकाकरण पहले ही पूरा किया जा चुका है। शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ गोवंश की डी-वॉर्मिंग की गई। जरूरत के अनुसार पशु चिकित्सा परामर्श और उपचार भी उपलब्ध कराया गया। अभियान के तहत सुबह गोशाला प्रबंधन समितियों के सहयोग से हवन भी कराया गया, जिसमें पशु चिकित्सकों और विभागीय कर्मचारियों ने भाग लिया। उपमंडल अधिकारी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, गोहाना ने बताया कि गोशालाओं में गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, संक्रामक रोगों की रोकथाम और पशु कल्याण के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है।