सीजेपी द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश महासचिव रामकृष्ण महलावत को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। उनके साथ बावल हलका प्रधान महेंद्र सिंह को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल रही। रामकृष्ण महलावत शनिवार सुबह करीब 7 बजे अपने साथियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना होने वाले थे। इसकी भनक लगने पर थाना प्रभारी रणवीर पुलिस टीम के साथ उनके आवास पर पहुंच गए। पुलिस ने दिल्ली रवाना होने से पहले ही महलावत को हाउस अरेस्ट कर लिया। इस दौरान उनके साथी अभी मौके पर नहीं पहुंचे थे। महलावत और उनके साथियों की दिल्ली जाने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने पहले ही कार्रवाई करते हुए उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया। मौके पर पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है। पुलिसकर्मी उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, ताकि वे प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना न हो सकें।