फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना पीयूसी प्रमाण पत्र नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, रेवाड़ी में पेट्रोल पंपों पर तैयारी पूरी

रेवाड़ी। एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। नए नियम के तहत बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) वाले वाहनों को पेट्रोल और डीजल नहीं मिलेगा। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए रेवाड़ी जिले के पेट्रोल पंपों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में वाहन चालकों को ईंधन भरवाने के लिए वैध पीयूसी प्रमाण पत्र रखना होगा। दूसरी ओर, प्रशासन ने प्रदूषण जांच केंद्रों की कार्यप्रणाली की जांच भी शुरू कर दी है। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) कार्यालय की टीम जिले में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच केंद्रों के दस्तावेज, उपकरणों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रही है। हाईवे सहित पेट्रोल पंपों पर जांच अभियान: आरटीए कार्यालय की टीम ने इंस्पेक्टर वृषकेतु की देखरेख में जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे सहित विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। टीम ने प्रदूषण जांच निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार करने तथा वाहन चालकों को सही तरीके से प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान प्रदूषण जांच केंद्रों के दस्तावेज और कामकाज भी खंगाले गए। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नियमों की अनदेखी या अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के बाद जांच केंद्र संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है। वाहन चालकों से प्रमाण पत्र बनवाने की अपील: इंस्पेक्टर वृषकेतु ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वाहनों की नियमित प्रदूषण जांच जरूरी है। वाहनों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण का एक बड़ा कारण है। इसलिए प्रत्येक वाहन स्वामी समय पर अपने वाहन की जांच करवाए और वैध पीयूसी प्रमाण पत्र रखे। उन्होंने वाहन चालकों से जल्द प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की, ताकि पेट्रोल या डीजल भरवाते समय उन्हें परेशानी न हो। एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बढ़ी सख्ती का असर अब रेवाड़ी में भी दिखाई देने लगा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें