नारनौल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में छात्र से मारपीट के आरोपों से शुरू हुआ विवाद और प्राचार्य से किया गया अभद्र व्यवहार अब अनुदेशक के निलंबन व स्पष्टीकरण तक पहुंच गया है। प्राचार्य की ओर से मुख्यालय को भेजी गई शिकायत और रिपोर्ट के बाद कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने मामले में जांच शुरू कर दी है। विभाग के निदेशक के प्रारंभिक आदेश पर नियमित पद पर कार्यरत अनुदेशक रवि कुमार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि अनुबंध आधार पर कार्यरत अनुदेशिका निधि यादव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बुधवार को विभाग के अतिरिक्त निदेशक सुमित सहरावत जांच के सिलसिले में आईटीआई पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्राचार्य की ओर से उनके कार्यालय में अभद्र व्यवहार व हाथापाई किए जाने की शिकायत विभाग के संज्ञान में आई थी। इसके बाद निदेशक के निर्देश पर उन्हें जांच के लिए यहां भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। 19 सितंबर को भेजी थी रिपोर्ट: मामले की शुरुआत छात्र अरुण की ओर से एक शिक्षक और शिक्षिका पर मारपीट के आरोप लगाने के बाद हुई थी। इसके बाद प्रिंसिपल विनोद खनगवाल ने 19 सितंबर को विभाग के महानिदेशक को पत्र भेजकर अनुदेशक रवि कुमार व महिला अनुदेशिका के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। रिपोर्ट में प्रिंसिपल के साथ गाली-गलौच करने, जान से मारने की धमकी देने और कुर्सी उठाकर हमला करने का आरोप लगाया गया था। रिपोर्ट में अनुदेशिका निधि यादव के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की गई थी। प्राचार्य विनोद खनगवाल ने दोनों अनुदेशकों पर संस्थान का माहौल खराब करने के आरोप लगाए थे। अनुदेशिका देगी स्पष्टीकरण: विभाग के संज्ञान में मामला आने के बाद नियमित पद पर कार्यरत अनुदेशक रवि कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं अनुबंध आधार पर कार्यरत अनुदेशिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि अनुदेशिका ने निर्धारित समय में अपना स्पष्टीकरण दिया है या नहीं। वर्जन: फिलहाल संस्थान में माहौल शांतिपूर्ण है और कक्षाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। वहीं, निदेशक के निर्देश पर अनुदेशक रवि को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं अनुदेशिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुमित सहरावत, अतिरिक्त निदेशक, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, पंचकूला।