कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बुधवार को रिसर्च मेथडोलॉजी के पेपर में लगातार फेल करने और आरटीआई के जवाब में उत्तर पुस्तिकाएं गुम होने की जानकारी देने के विरोध में छात्रों ने वीसी कार्यालय और थर्ड गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान थर्ड गेट पूरी तरह बंद रहा। मौके पर करीब दो पुलिस गाड़ियां और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। फिजिकल एजुकेशन विभाग के छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें रिसर्च मेथडोलॉजी के पेपर में लगातार फेल किया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने के बाद भी उनके अंक कम आते हैं। इसके बाद उन्होंने आरटीआई लगाकर अपनी उत्तर पुस्तिकाएं देखने की मांग की, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जवाब दिया गया कि उनकी उत्तर पुस्तिकाएं गुम हो गई हैं। छात्रों ने सवाल उठाया कि उत्तर पुस्तिकाएं कैसे गुम हो सकती हैं। उनका आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से ऐसा ही मामला सामने आ रहा है। जब भी वे इस संबंध में जवाब मांगते हैं तो विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उत्तर पुस्तिकाएं गुम होने की बात कही जाती है। इसी मामले को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष जताया और एग्जाम ब्रांच के संबंधित अधिकारियों को हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान थर्ड गेट बंद रहने से वहां पुलिस बल तैनात रहा।