कुरुक्षेत्र। सेक्टर-17 में पुलिस ने सट्टेबाजी की सूचना पर कई स्थानों पर छापेमारी कर करीब सात लोगों को मौके से पकड़ा। पुलिस सभी को पूछताछ के लिए सुभाष मंडी चौकी लेकर गई। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में नशे और सट्टेबाजी की गतिविधियां चलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सोमवार को कार्रवाई की गई। सुभाष मंडी चौकी प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि सेक्टर-17 में कई जगहों पर नशा और सट्टेबाजी चलती है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर रेड की। बस अड्डे के पास टूरिस्ट कार पार्किंग के नजदीक दो दुकानों में भी पुलिस ने छापेमारी की। यहां कमरे में सट्टा लगाते करीब सात लोगों को पकड़ा गया। साथ ही पुलिस ने सेक्टर-17 में बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों के भी चालान किए। वहीं पकड़े गए लोगों से सट्टेबाजी से संबंधित पूछताछ की जा रही है।