कैथल। गांव रामथली स्थित बाबा दरबारपुरी की प्राचीन समाधि से जुड़ी छड़ियों से चांदी चोरी करने करने वाले डेरा के महंत अमरनाथ पुरी और चांदी खरीदने वाले सुनार नानूराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब एक किलोग्राम चोरीशुदा चांदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि रामथली निवासी महावीर शर्मा ने थाना गुहला में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार गांव में बाबा दरबारपुरी की प्राचीन समाधि है। यहां गद्दी वाले कमरे में दो प्राचीन छड़ियां रखी हुई थीं। इन पर चांदी की परत लगी हुई थी। 18 अगस्त को मंदिर के कमरे की सफाई के दौरान महावीर शर्मा ने दोनों छड़ियों पर भगवा कपड़ा लिपटा देखा। कपड़ा हटाने पर छड़ियों से चांदी की पुरानी परत गायब मिली। महावीर शर्मा ने मंदिर के सेवादारों और महंत अमरनाथ पुरी को बुलाकर मामले के बारे में पूछा। महंत इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेंद्र सिंह की टीम ने जांच करते हुए महंत अमरनाथ पुरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महंत ने पुलिस को बताया कि छड़ियों से उतारी गई चांदी उसने रामथली में दुकान चलाने वाले चीका निवासी सुनार नानूराम को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने नानूराम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब एक किलोग्राम चांदी बरामद की। दोनों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।