नरवाना। अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों को दिन में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद देर शाम वापस नरवाना लाया जा रहा था। इसी दौरान अपोलो चौक के पास कर्मचारियों ने नगर परिषद की कचरे से भरी ट्राली देख ली। कर्मचारियों का आरोप था कि उनकी हड़ताल के बावजूद प्रशासन की ओर से शहर में कचरा उठवाया जा रहा है। पुलिस की बस से कर्मचारी नीचे उतरे और कचरे से भरी ट्राली को रुकवा लिया। इसके बाद कर्मचारियों ने ट्राली को अपोलो चौक पर ही खाली करवा दिया। कर्मचारी कचरे को अपोलो चौक से पुराना कचहरी रोड तक सड़क पर बिखेरते हुए आगे बढ़े। बाद में नगर परिषद कार्यालय परिसर में भी कचरा फैला दिया गया। इसके बाद सभी सफाई कर्मचारी रात के समय नगर परिषद कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं और यदि प्रशासन उनकी हड़ताल के दौरान इस प्रकार कचरा उठाने का प्रयास करेगा तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि आगे भी कचरा उठाने का प्रयास किया गया तो वे मौके पर पहुंचकर उसका विरोध करेंगे।