जींद। हरियाणा के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल तकनीक, स्पोर्ट्स इंजरी मैनेजमेंट और उच्च प्रदर्शन की जानकारी देने के लिए प्रदेशव्यापी खेल पे चर्चा अभियान की शुरुआत सोमवार को जिले से हुई। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के योग भवन में आयोजित पहले कार्यक्रम में खेल एवं युवा मामले मंत्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं व सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रदेश के हर जिले तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों को खेल में बेहतर प्रदर्शन के साथ चोटों से बचाव के तरीके बताए। करीब 40 वर्ष का अनुभव रखने वाले एलीट बॉक्सिंग कोच टीएल गुप्ता ने ‘नोविस टू यूथ बॉक्सिंग-इट्स डेवलपमेंट इन हरियाणा विषय पर बॉक्सिंग की तकनीक और प्रशिक्षण की जानकारी दी। पीजीआईएमएस रोहतक के स्पोर्ट्स इंजरी विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश रोहिला ने खेल चोटों से बचाव, प्राथमिक उपचार और सुरक्षित तरीके से मैदान पर वापसी के गुर बताए। वहीं, साई की हाई परफॉर्मेंस मैनेजर पूनम बेनीवाल ने खिलाड़ियों को दबाव नियंत्रित कर निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के टिप्स दिए। कार्यक्रम में पैरा ओलंपियन रामपाल चहल ने अपनी संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा साझा कर खिलाड़ियों में जोश भरा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद खेल के प्रति समर्पण और मेहनत से सफलता हासिल करने का संदेश दिया। मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर सीआरएसयू रजिस्ट्रार सीमा गुप्ता, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी रामपाल हुड्डा मौजूद रहे।