मिलगेट के शिव नगर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में साइंस टीचर पूनम के तबादले से नाराज विद्यार्थियों ने वीरवार सुबह स्कूल के गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने नारेबाजी करते हुए शिक्षिका को दोबारा स्कूल में नियुक्त करने की मांग की। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद खंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। सुबह सात बजे गेट पर लगाया ताला वीरवार सुबह विद्यार्थी स्कूल पहुंचे तो उन्हें साइंस टीचर पूनम के तबादले की जानकारी मिली। इससे नाराज विद्यार्थियों ने एकजुट होकर सुबह करीब सात बजे स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और बाहर खड़े होकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के कारण कुछ शिक्षक स्कूल के अंदर ही रह गए, जबकि कुछ बाहर रह गए। पढ़ाई प्रभावित होने की जताई चिंता प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कहा कि पूनम मैडम के तबादले से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने शिक्षिका को दोबारा स्कूल में नियुक्त करने की मांग की। कुछ विद्यार्थियों ने शिक्षकों के देरी से स्कूल पहुंचने का आरोप भी लगाया। शिक्षकों ने बताया कि साइंस टीचर के तबादले के कारण विद्यार्थी विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी रामरतन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, करीब तीन घंटे बाद खंड शिक्षा अधिकारी भी स्कूल पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत की।