हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कर्मियों की हड़ताल के चलते बिजली गुल होने से नाराज उपभोक्ता बिजली निगम मुख्यालय पर पहुंच कर कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। काफी देर तक दोनों ओर से नारेबाजी हुई। बिजली कर्मचारियों ने कहा कि भाजपा ने षडयंत्र के तहत अपने कुछ लोगों को भेज कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। बिजली कर्मियों की हड़ताल के चलते अर्बन एस्टेट टू, एससी कालोनी, डीसी कॉलोनी, गोविंद नगर,विद्युत नगर,हाउसिंग बोर्ड, मॉडल टाउन सहित कई एरिया में वीरवार दोपहर से बिजली ठप है। जिसके चलते रात भर लोग सो नहीं सके। सुबह बिजली आपूर्ति के चलते पानी की आपूर्ति भी बाधित रही। लोगों की दिनचर्या बुरी तरह से प्रभावित होने पर शुक्रवार दोपहर के समय प्रदर्शन करते हुए डीएचबीवीएन के गेट नंबर 4 पर पहुंचे। बिजली कर्मियों के धरना स्थल के करीब पहुंचते ही इन लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इन लोगों की अगुवाई करने वालों में पार्षद संजय डालमिया भी शामिल थे। मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।