टोहाना। थाना सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 111 किलो 590 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी जापतेवाला निवासी हरकरण सिंह उर्फ करण को मौके से काबू किया है। डीएसपी टोहाना जय भगवान ने वीरवार को प्रेस वार्ता में बताया कि एसपी निकिता खट्टर के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। 7 अक्टूबर को चौकी कुलां प्रभारी एएसआई कश्मीर सिंह टीम के साथ गांव जापतेवाला बस अड्डा पर गश्त पर थे। सूचना मिली कि हरकरण ने अपने घर में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपा रखा है और बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने उसके घर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे काबू कर लिया गया। डीएसपी की मौजूदगी में घर के तूड़ी वाले कमरे की तलाशी ली गई तो वहां छह प्लास्टिक कट्टों में भरा डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने नशीला पदार्थ सील कर केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चार केस दर्ज हैं। इनमें दो केस एनडीपीएस एक्ट और एक-एक केस हत्या और आर्म्स एक्ट का शामिल है। पुलिस अब जांच कर रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई और आगे कहां सप्लाई होनी थी। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।