फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी के नजदीक सारंगपुर रोड पर फायरिंग कर 7 लाख 47 हजार रुपये की लूट की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए साजिश जेल में रची गई और फिर हिसार के होटल में प्लानिंग बनाई गई थी। पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूटी गई राशि में से 1 लाख 30 हजार रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है। हालांकि अभी तक पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि 5 सितंबर को शाम करीब 6:30 बजे गांव खाराखेड़ी के नजदीक सारंगपुर रोड पर फायरिंग कर नकदी लूटने की वारदात हुई थी। सूचना मिलते ही थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा तथा सीआईए फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले में शिकायतकर्ता संदीप कुमार निवासी आदमपुर, जिला हिसार की शिकायत पर थाना सदर फतेहाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई। सीआईए फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार और सदर थाना की टीम ने चार आरोपियों को काबू किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूटी गई राशि में से 1 लाख 30 हजार रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। आरोपियों ने तीन राउंड फायरिंग की थी।