जिले के किसानों ने शुक्रवार को लघु सचिवालय पहुंचकर नहरों में पानी की आपूर्ति बंद किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि नहरों की सफाई के नाम पर बंदी किए जाने से उन्हें सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे सरसों और चने की बिजाई प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर नहरों में कम से कम दो सप्ताह तक लगातार पानी छोड़ने की मांग की। किसानों ने कहा कि यह समय रबी की फसलों की बिजाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में खेतों को तैयार करने और फसलों की समय पर बिजाई के लिए सिंचाई के पानी की सख्त जरूरत है। किसानों ने कहा कि यदि इस समय पानी उपलब्ध नहीं हुआ तो उन्हें बिजाई में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इससे फसलों की पैदावार पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नहरों में दो सप्ताह तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और पानी को नहरों की सभी टेलों तक पहुंचाया जाए, ताकि अंतिम छोर पर स्थित खेतों के किसानों को भी पर्याप्त पानी मिल सके। किसानों ने प्रशासन से जल्द उचित कदम उठाने की अपील की।