टोहाना के पीएम श्री राजकीय कन्या विद्यालय में बुधवार को दो शिक्षकों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। इतिहास प्रवक्ता विक्रम सिंह और पंजाबी शिक्षक अनूप कुमार के बीच हाथापाई हुई। बीच-बचाव करने आई महिला शिक्षक मान्यता ने अनूप पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया, जिसे अनूप ने निराधार बताया। विवाद के बाद कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। इतिहास प्रवक्ता विक्रम सिंह का कहना है कि अनूप कुमार असेंबली में धर्म और जाति को लेकर बच्चों को भड़का रहे थे। विरोध करने पर अनूप और उनके साथी प्रदीप ने उन पर हमला कर दिया। स्कूल का माहौल रोज खराब किया जा रहा है। वहीं शिक्षिका मान्यता ने बताया कि अनूप जाति को लेकर विक्रम को टिप्पणी कर रहे थे, जिससे दोनों में हाथापाई हो गई। उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया तो अनूप ने उनके चरित्र और बच्चे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। दूसरी ओर शिक्षक अनूप कुमार ने सभी आरोपों को साजिश बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों ने शिकायत की थी कि उन्हें सुबह 8 बजे गेट पर खड़ा कर दिया जाता है जबकि शिक्षक साढ़े 8-9 बजे आते हैं। उन्होंने बच्चों की आवाज उठाई तो विद्यालय प्रशासन रंजिश रखने लगा। आज विक्रम ने उन पर जानलेवा हमला किया। चरित्र वाली टिप्पणी विक्रम ने की है, उन्होंने नहीं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।