फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड पर जन स्वास्थ्य विभाग के बाहर दमकल गाड़ियों के लिए पानी भरने के निर्धारित स्थान पर अब निजी वाहनों की पार्किंग नहीं हो सकेगी। शुक्रवार को यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यहां खड़ी चार गाड़ियों को टोचन कर हटाया और उनके नो-पार्किंग के चालान भी काटे। मंडी सीजन के दौरान अनाज मंडी में किसानों और व्यापारियों की आवाजाही बढ़ने से पार्किंग की समस्या पैदा होती है। ऐसे में लोग जन स्वास्थ्य विभाग के बाहर दमकल गाड़ियों के लिए निर्धारित स्थान पर भी वाहन खड़े कर देते हैं। इससे दमकल विभाग को पानी भरने में परेशानी होती है। विभाग की ओर से समस्या से अवगत करवाने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। यातायात प्रभारी जय सिंह ने कहा कि दमकल विभाग आपातकालीन परिस्थितियों में काम करता है। उसके कार्य में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी। निर्धारित स्थान पर भविष्य में भी पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।