भिवानी। सीआईए प्रथम भिवानी ने दादरी गेट सर्कुलर रोड पर ज्वेलर्स की दुकान से चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सीआईए प्रथम ने चोरीशुदा चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी व नकदी की बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 7 लाख 15 हजार रुपये की बरामदगी की है। चोरी के आभूषण खरीदने वाला ज्वेलर्स भी धर दबोचा है। शिकायतकर्ता विशाल निवासी पतराम गेट भिवानी ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि उसकी दादरी गेट सर्कुलर रोड पर श्याम ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 18 अक्तूबर की शाम को वह दुकान बंद करके घर चला गया था। अगले दिन 19 अक्तूबर की सुबह पड़ोसियों ने उसे सूचना दी कि उसकी दुकान का ताला टूटा हुआ है। शिकायतकर्ता ने दुकान पर पहुंचकर देखा तो चोर दुकान का ताला तोड़कर वहां से लाखों रुपये के चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए 25 अक्तूबर को सीआईए प्रथम भिवानी ने उपनिरीक्षक आनंद कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों विनय निवासी गांव कोहलावास, थाना बौंद कलां जिला चरखी दादरी तथा मोहित निवासी सांकरोड जिला चरखी दादरी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने 26 अक्तूबर को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी के चांदी के आभूषण तथा आभूषण बेचकर प्राप्त नकदी बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी बरामद की गई। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ तथा जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 28 अक्तूबर को चोरी के चांदी के आभूषण खरीदने के मामले में आरोपी आशीष निवासी सांवड, जिला चरखी दादरी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने गांव में ज्वेलर्स की दुकान की हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी आशीष से 35,000 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों से चोरीशुदा चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी तथा नकदी सहित कुल 7 लाख 15 हजार रुपये की बरामदगी की गई है। ----------------------------------------------------- आर्थिक तंगी के चलते बनाई थी चोरी की योजना: पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आर्थिक तंगी के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों की भूमिका तथा चोरीशुदा आभूषणों की बरामदगी के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार तीनों आरोपियों को वीरवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपी गुलशन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।