भिवानी। बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के चलते लोहारू शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच श्याम सुंदर ज्योति मंडल ने शहरवासियों को राहत पहुंचाने के लिए पहल की है। मंडल की ओर से लोगों की जरूरत को देखते हुए पानी की व्यवस्था शुरू की गई है। मंडल के प्रधान सुभाष सैनी ने बताया कि फिलहाल मंडल की तरफ से पानी की आपूर्ति के लिए एक ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई है। यदि शहर के किसी भी वार्ड से पानी की अतिरिक्त मांग आती है, तो मंडल की ओर से जरूरत के अनुसार व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर राजस्थान से पानी लाकर लोहारू शहर के सभी वार्डों में पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी शहरवासी को पेयजल के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रधान सुभाष सैनी ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से पानी की सप्लाई पर असर पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में आमजन को सबसे अधिक परेशानी पेयजल की उपलब्धता को लेकर होती है। घरों में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से लोगों के सामने पीने के पानी और घरेलू जरूरतों को पूरा करने की चुनौती खड़ी हो जाती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए श्री श्याम सुंदर ज्योति मंडल ने शहरवासियों की सहायता के लिए आगे आने का निर्णय लिया है।