भिवानी। निजीकरण के खिलाफ बिजली निगम कर्मचारियों के आंदोलन की शुरूआत से ही जिले भर में ब्लैक आउट की स्थिति बनी। सुबह आठ बजे से ही शहरी दायरे सहित ग्रामीण फीडर ब्रेक डाउन होने के बाद बंद हो गए, जिन्हें चालू नहीं किया गया। जिला नागरिक अस्पताल के स्पेशल फीडर की ब्रेकडाउन हुई लाइन को खुद एसडीएम भिवानी महेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर चालू कराया वहीं आपात कालीन सेवाओं में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने की भी हिदायतें दी। शहर के लघु सचिवालय की बिजली आपूर्ति सुबह से ही गुल है। जबकि शहर के अंदर प्राइवेट अस्पतालों और संस्थानों में भी जरनेटर के सहारे ही व्यवस्था चल रही है। शहर के कई फीडर बंद पड़े हैं। औद्योगिक क्षेत्र में भी फीडर ब्रेकडाउन हैं, जिन्हें चालू नहीं किया जा रहा है। निगम कर्मचारियों ने सर्कल कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। 72 घंटे तक आंदोलन का अल्टीमेटम है। जिसके तहत अधिकांश निगम सब स्टेशनों पर भी पटवारी व पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।