ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में चल रही भारत बनाम इंग्लैंड की मिक्स डिसेबिलिटी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का तीसरा मैच समय से शुरू नहीं हो सका। सोमवार को कोहरे और धुंध के कारण करीब 45 मिनट देरी से टीम मैदान पर उतरी। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम ने एक गेंद शेष रहते पांच विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाते हुए मुकाबले में जीत दर्ज की। पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे चल रही है।