गुरुग्राम। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं गुरुग्राम डिपो की कई रोडवेज बसों में अब तक मयूर जग (पानी के मटके) की व्यवस्था नहीं की गई है। खासकर लंबी दूरी के रूटों पर चलने वाली बसों में यह समस्या अधिक देखने को मिल रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि हर साल गर्मी के मौसम में रोडवेज विभाग द्वारा बसों में ठंडे पानी की व्यवस्था के लिए मयूर जग रखे जाते हैं, लेकिन इस बार अभी तक कई बसों में यह सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। तेज गर्मी में बिना पानी के सफर करना यात्रियों के लिए मुश्किल बन गया है। दिल्ली, जयपुर, हिसार और चंडीगढ़ जैसे लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में यात्रियों को घंटों सफर करना पड़ता है। ऐसे में पानी की सुविधा न होने से बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी हो रही है।