ओल्ड दिल्ली रोड का एक हिस्सा अगले तीन दिन तक और बंद रहेगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से यहां मास्टर स्टॉर्म वॉटर ड्रेन लेग-1 के तहत आरसीसी बॉक्स टाइप प्रीकास्ट कलवर्ट और बरसाती नाले का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा और ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। सेक्टर-22/23 डिवाइडिंग रोड सिग्नल से चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। यह मार्ग सुशील ऐमा मार्ग पर सेक्टर-22/23 डिवाइडिंग रोड सिग्नल से लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक की ओर जाता है। क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जीएमडीए की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जीएमडीए ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।