पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना मुरादनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए, एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर लुटेरे को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से लूटी गई नकदी, जेवर, अवैध हथियार और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। यह कार्रवाई अपराध की रोकथाम और अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। थाना मुरादनगर पुलिस, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में, क्षेत्र में हो रही स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं के खुलासे तथा अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी क्रम में बीते दिन थाना मुरादनगर पुलिस टीम ईस्टर्न पेरिफेरल अंडरपास के नीचे नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, गांव दुहाई की तरफ से आ रही एक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। मोटरसाइकिल सवार युवक ने पुलिस को देखकर रुकने के बजाय, दाहिने तरफ खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते की ओर मोटर साइकिल मोड़ दी। हालांकि, कच्चे रास्ते पर गड्ढे होने के कारण, मोटर साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल कर गिर गई। पुलिस टीम द्वारा जैसे ही उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, मोटर साइकिल पर सवार युवक ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर सीधा फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।