अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शुक्रवार को उर्मिला सनावर कोर्ट पहुंचीं। उन्होंने नार्को टेस्ट कराने की मांग करते हुए कहा कि उनका नार्को टेस्ट हुआ तो अंकिता भंडारी, नीलम और अंकित हत्याकांड समेत कई मामलों से जुड़े राज सामने आ सकते हैं। उन्होंने पूरे मीडिया के सामने नार्को टेस्ट कराने की मांग भी की। उर्मिला सनावर ने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और दुष्यंत गौतम पर अंकित हत्याकांड में शामिल होने के आरोप लगाए। उनका दावा है कि नार्को टेस्ट से इन मामलों से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। उर्मिला ने अंकित की मौत को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अंकित को सुरेश राठौड़ का नौकर बताया जाता था और उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंककर मार दिया गया था। उन्होंने नार्को टेस्ट के जरिए इस मामले समेत अन्य हत्याकांडों का पर्दाफाश होने की बात कही।