फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुर्ग: कुम्हारी में डंपर ने साइकिल सवार महिला को कुचला, मौके पर मौत; चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Wed, 30 Sep 2026 07:50 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, दुर्ग-भिलाई

दुर्ग जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुम्हारी थाना क्षेत्र के शंकर नगर स्थित गुजराती धर्मशाला के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

मृतका की पहचान पुष्पा श्रीवास, निवासी रामनगर कुम्हारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर-घर जाकर बच्चों और महिलाओं की मालिश का काम करती थीं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं।

साइकिल से जा रही थी महिला, तभी हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक पुष्पा श्रीवास साइकिल से जा रही थीं। इसी दौरान शंकर नगर में गुजराती धर्मशाला के पास डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आक्रोशित वार्डवासी पहुंचे थाना
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में वार्डवासी कुम्हारी थाने पहुंचे। लोगों ने मृतका के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद डंपर मालिक ने मृतका के परिवार को अंतिम संस्कार के लिए मुआवजा राशि देने की घोषणा की। इसके बाद वार्डवासियों का आक्रोश शांत हुआ।

चालक हिरासत में, डंपर जब्त
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर डंपर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

चार बच्चों की जिम्मेदारी अब परिवार पर
पुष्पा श्रीवास के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में उनकी मौत के बाद चार बच्चों की जिम्मेदारी परिवार पर आ गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी उठाई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें