छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खराब सड़क, जानलेवा गड्ढों और उड़ती धूल से परेशान लोगों के सब्र का बांध टूट गया। बदहाल यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, स्थानीय व्यापारियों और वार्ड वासियों ने संयुक्त रूप से नगरी-सिहावा रोड स्थित एफसीआई चौक के पास चक्काजाम कर दिया। करीब 40 मिनट तक चले इस उग्र प्रदर्शन के कारण स्टेट हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारी, PWD अधिकारी को बुलाने पर अड़े
प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारी बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर तहसीलदार, सीएसपी, टीआई और सब-इंस्पेक्टर सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और सड़क से हटाने का काफी प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। उनकी साफ शर्त थी कि जब तक लोक निर्माण विभाग (PWD) के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं आते, वे चक्काजाम समाप्त नहीं करेंगे।
सांस के मरीजों के लिए आफत बनी उड़ती धूल, ये हैं प्रमुख मांगें
युवा कांग्रेस के नेता गीतराम सिन्हा और वार्ड वासी संजू साहू ने सड़क की दुर्दशा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगरी-सिहावा रोड की हालत बद से बदतर हो चुकी है। अस्थमा का खतरा: फोरलेन निर्माण के चलते उड़ने वाली धूल के गुबार से स्थानीय लोगों और राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। खासकर अस्थमा और श्वास के मरीजों के लिए यह मार्ग आफत बन गया है। पानी का छिड़काव: प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान धूल को दबाने के लिए दिन में कम से कम पांच बार सड़कों पर पानी डाला जाए। भारी वाहनों पर प्रतिबंध: मार्ग पर चलने वाले भारी कमर्शियल वाहनों पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए। सिहावा चौक से काम की शुरुआत: फोरलेन निर्माण के काम को सिहावा चौक से ही प्राथमिकता के साथ शुरू किया जाए।
5 किमी का बन रहा फोरलेन, जुलाई 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य
प्रशासनिक समझाइश और PWD अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एमडी पैकरा ने बताया कि स्टेट हाईवे पर सिहावा चौक से कोलियारी तक कुल 5 किलोमीटर का फोरलेन निर्माण कार्य स्वीकृत है, जिसका काम ठेकेदार द्वारा शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए ठेकेदार को तत्काल गड्ढों की मरम्मत (पैच वर्क) करने और नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस पूरे फोरलेन प्रोजेक्ट को जुलाई 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।