फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: अवैध संबंध के चलते प्रेमी का सिर काटकर धड़ से किया अलग, पति-पत्नी गिरफ्तार

Mon, 05 Oct 2026 06:42 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर

बलरामपुर जिले के थाना पस्ता अंतर्गत डौरा पुलिस चौकी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के चलते एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव का सिर धड़ से अलग कर जंगल के गड्ढे में फेंक दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध की सूचना मिलने के महज चंद घंटों के भीतर ही आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है।

मक्का बाड़ी में मिली लावारिस स्कूटी, जंगल में पड़ा मिला कटा सिर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोदौरा निवासी अमीम अंसारी ने चौकी डौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अपनी एक्टिवा स्कूटी लेकर निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। अगली सुबह 3 अक्टूबर को उसकी स्कूटी मक्का बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली, जबकि वसीम का कोई सुराग नहीं था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुमशुदगी व संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी दौरान ग्रामीणों के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में किसी व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिनाख्त कराने पर वसीम के भाई ने कटे हुए सिर की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की।

फोन कर मिलने बुलाया, फिर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संदिग्धों की धरपकड़ शुरू की। संदेह के आधार पर ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30 वर्ष) और उसकी पत्नी मनबासो (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपिया मनबासो और मृतक वसीम अंसारी के बीच पूर्व से अवैध संबंध थे। इसी के चलते 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने योजनाबद्ध तरीके से फोन कर वसीम को मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही वसीम मौके पर पहुंचा, मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत कुल्हाड़ी से वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद अपराध को छिपाने के लिए उन्होंने सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया।

दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
डौरा पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सोनू खैरवार और मनबासो खैरवार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। डौरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले अंधे कत्ल की गुत्थी चंद घंटों में सुलझ गई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें