कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर में नाबालिग लड़की से कथित बदसलूकी और छेड़खानी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने भी बड़ा एक्शन लिया है। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने उनके खिलाफ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। शुक्रवार को पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने जगतसिंहपुर निवासी राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया निवासी पीडीएस डीलर अवधेश पासवान के घर-दुकान से जुड़े अवैध अतिक्रमण को हटाया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के घर पर अवैध अतिक्रमण वाले हिस्से को लेकर नोटिस चस्पा किया गया है।
वायरल वीडियो से मचा था हड़कंप
मामला 23 सितंबर की शाम सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित होने लगा। वीडियो कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में बांध के पास सड़क का बताया गया। इसमें कुछ युवक एक लड़की को घेरकर उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे थे। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के मुताबिक, सोशल मीडिया निगरानी के दौरान वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, जिसके बाद तकनीकी जांच शुरू की गई।
छह घंटे में चारों आरोपी गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पुलिस पदाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की। कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26 में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया। तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद रातभर छापेमारी और घेराबंदी कर करीब छह घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एक आरोपी पीडीएस डीलर, दूसरे की चाय दुकान
गिरफ्तार आरोपियों में अवधेश पासवान बिजौलिया में जनवितरण प्रणाली की दुकान संचालित करता है। वहीं, रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर में सड़क किनारे चाय की दुकान चलाता है। प्रशासन ने सड़क पर अतिक्रमण कर बनाई गई उसकी चाय की दुकान को बुलडोजर से हटाया। पुलिस ने विकास कुमार और राहुल कुमार के पूर्व के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाला है। दोनों के खिलाफ शराब से जुड़े पुराने मामलों में जेल जाने की जानकारी सामने आई है।
आरोपी के मोबाइल में मिला घटना का वीडियो
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों में से एक के मोबाइल फोन में घटना से संबंधित वीडियो मिला है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में वीडियो किसी अन्य व्यक्ति को भेजे जाने और उसके बाद आगे प्रसारित होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच में शामिल किया है। अब वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति, इसे सबसे पहले भेजने वाले और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच की जा रही है।
मुख्य आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा
सदर एसडीओ राकेश कुमार के निर्देश पर राहुल कुमार, अवधेश पासवान और रामबाबू सहनी के घरों से जुड़े अवैध अतिक्रमण हटाए गए। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के घर के अवैध अतिक्रमण वाले हिस्से को लेकर प्रशासन ने नोटिस चस्पा किया है। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अवधेश पासवान की पीडीएस अनुज्ञप्ति भी रद्द कर दी गई है।
पीड़िता का वीडियो शेयर करने पर चेतावनी
पुलिस ने लोगों से वायरल वीडियो को दोबारा शेयर या फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग है। उसकी पहचान उजागर करने वाली तस्वीर, वीडियो, नाम या अन्य जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर कानूनी मामला हो सकता है। पुलिस की साइबर टीम वीडियो के स्रोत और इसके प्रसार की भी जांच कर रही है।