एड दिखाने के लिए गूगल जीमेल और फोटोज की कर सकता है जासूसी: नहीं चाहते दखलअंदाजी, तो आज ही बदल लें ये सेटिंग्स

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Tue, 27 Oct 2026 01:44 PM IST
सार

Privacy Tips: गूगल ने हाल ही में अपनी प्राइवेसी पॉलिसी में एक बड़ा बदलाव किया है, जिससे अब आपके जीमेल और गूगल फोटोज के डेटा का इस्तेमाल टारगेटेड विज्ञापन दिखाने के लिए किया जा सकता है। अगर आप अपनी प्राइवेसी को लेकर चिंतित हैं, तो बस कुछ आसान सेटिंग्स को बदलकर आप गूगल को अपना पर्सनल डेटा इस्तेमाल करने से रोक सकते हैं।

how to stop google using gmail and photos data for targeted ads change these settings
गूगल की इन सेटिंग्स में आज ही कर लें बदलाव। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    क्या आपने कभी सोचा है कि आपके इनबॉक्स में पड़े पर्सनल ईमेल या आपकी गैलरी की प्राइवेट तस्वीरें आपके लिए विज्ञापन का आधार बन सकती हैं? गूगल ने हाल ही में अपनी प्राइवेसी पॉलिसी में एक ऐसा ही अहम बदलाव किया है, जिसने ऑनलाइन प्राइवेसी को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स के लिए यह अपडेट चिंता का विषय हो सकता है, क्योंकि अब कंपनी आपके जीमेल (Gmail) और गूगल फोटोज (Google Photos) के डेटा का इस्तेमाल आपको टारगेटेड विज्ञापन दिखाने के लिए कर सकती है।

    क्या है गूगल का नया पर्सनल इंटेलिजेंस फीचर? (What Is Google Personal Intelligence)

    पहले गूगल का साफ तौर पर कहना था कि वह विज्ञापन बनाने के लिए कभी भी आपके ईमेल या फोटोज के कंटेंट का इस्तेमाल नहीं करेगा। लेकिन अब इस नियम में एक बारीक शर्त जोड़ दी गई है। अगर आपने अपने गूगल अकाउंट में पर्सनल इंटेलिजेंस (Personal Intelligence) फीचर को चालू रखा है, तो कंपनी का एआई सर्च आपके ईमेल और फोटोज को खंगालकर आपके इंट्रेस्ट को समझेगा और उसी आधार पर आपको विज्ञापन परोसे जाएंगे।

    हालांकि, गूगल ने यह साफ किया है कि सीधे डेटा या तस्वीरें किसी विज्ञापन कंपनी को नहीं बेची जाएंगी, लेकिन आपकी पसंद-नापसंद का प्रोफाइल बनाकर विज्ञापन जरूर पर्सनलाइज किए जाएंगे।

    अपनी प्राइवेसी कैसे बचाएं? (How to Turn Off Ads)

    अगर आप नहीं चाहते कि गूगल आपके निजी डेटा या ईमेल्स में तांक-झांक कर आपको विज्ञापन दिखाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप सिर्फ 1 मिनट में नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके इस ट्रैकिंग को बंद कर सकते हैं:

    1. गूगल अकाउंट पर जाएं:

    सबसे पहले अपने स्मार्टफोन या ब्राउजर में अपना 'गूगल अकाउंट' ओपन करें।

    2. सेटिंग्स बदलें:

    अकाउंट में 'सर्च पर्सनलाइजेशन सेटिंग' के विकल्प को खोजें और उस पर क्लिक करें।

    3. एप्स को करें डिस्कनेक्ट:

    यहां 'कनेक्टेड कंटेंट एप्स' सेक्शन में जाएं और जीमेल व गूगल फोटोज को डिस्कनेक्ट कर दें।

    4. रिकमेंडेशन ऑफ करें:

    इसके बाद पर्सनलाइज्ड रिकमेंडेशन के ऑप्शन को भी बंद कर दें।

    5. जेमिनी एप में बदलें सेटिंग्स:

    अगर आप गूगल के एआई जेमिनी एप का इस्तेमाल करते हैं, तो वहां भी कनेक्टेड एप्स को चेक करें और ऐक्सेस हटा दें।

    6. माय एड सेंटर:

    अब My Ad Center में जाएं और सबसे ऊपर दिख रहे 'पर्सनलाइज्ड एड्स' के बटन को ऑफ कर दें।

    7. पुराना डेटा करें डिलीट:

    पूरी तरह सुरक्षित होने के लिए My Activity में जाकर अपना पुराना सेव किया गया सर्च डेटा डिलीट कर दें।

    ये चंद कदम आपकी डिजिटल प्राइवेसी को महफूज रखने में बड़ा रोल निभा सकते हैं। टेक्नोलॉजी और एआई के इस दौर में सुविधाएं जरूर बढ़ रही हैं, लेकिन अपने पर्सनल डेटा की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिरकार हमारी ही है। इसलिए, आज ही अपना अकाउंट चेक करें और सेटिंग्स अपडेट कर लें।

    और पढ़ें...