शाओमी रेडमी नोट 5 और नोट 5 प्रो के साथ कैसे मिलेगा Jio का 2,200 रुपये कैशबैक?

Xiaomi ने गुरुवार को भारत में अपने दो नए स्मार्टफोन रेडमी नोट 5 और रेडमी नोट 5 प्रो लॉन्च किए। दोनों फोन के साथ शाओमी ने टीवी भी बाजार में उतारा। शाओमी ने दोनों फोन की लॉन्चिंग के दौरान रेडमी नोट 5 प्रो के कैमरे की तुलना आईफोन x और वनप्लस 5 से की, वहीं कंपनी ने बताया कि लॉन्चिंग ऑफर के तहत दोनों फोन के साथ रिलायंस जियो की ओर से 2,200 रुपये का कैशबैक मिलेगा। अब सवाल यह है कि आखिर यह कैशबैक कैसे मिलेगा, क्योंकि कैशबैक के बाद रेडमी नोट 5 की शुरुआती कीमत 7,799 रुपये और रेडमी नोट 5 प्रो की कीमत 11,799 रुपये हो जाएगी। आइए जानते हैं इस कैशबैक ऑफर के बारे में विस्तार में।
दोनों फोन के साथ जियो की ओर से मिलने वाले कैशबैक की शर्तें

सबसे पहले आपको बता दें कि यह कैशबैक आपके अकाउंट में नहीं आएगा, बल्कि यह आपको रिचार्ज वाउचर के रूप में मिलेगा। दूसरे शब्दों में कहें तो 2,200 रुपये के कैशबैक के लिए रेडमी नोट 5 और नोट 5 प्रो यूजर्स को 50 रुपये कीमत वाले 44 वाउचर मिलेंगे जिनका इस्तेमाल आप रिचार्ज के दौरान कर सकेंगे। इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए इन फोन में आपको जियो का सिम यूज करना होगा और पहला रिचार्ज 198 रुपये या 299 रुपये का कराना होगा। इस ऑफर के बारे में माय जियो ऐप से भी जानकारी हासिल की जा सकती है। साथ इन दोनों फोन के यूजर्स को जियो 198 रुपये या इससे ज्यादा के रिचार्ज पर डबल डाटा देगी।