Xiaomi: टेक कंपनियों में शीर्ष अधिकारियों के इस्तीफे का दौर जारी, अब शाओमी के ग्लोबल उपाध्यक्ष ने छोड़ी कंपनी
Xiaomi Resignation: बता दें कि मनु कुमार जैन ने 2014 में भारत में शाओमी के लॉन्च की अगुवाई की थी। जैन ने कंपनी में लगभग नौ साल के कार्यकाल के बाद सोमवार को अपने इस्तीफे की घोषणा की है।

विस्तार
दुनियाभर की टेक कंपनियों में शीर्ष अधिकारियों के इस्तीफे का दौर लगातार जारी है। अब स्मार्टफोन ब्रांड शाओमी (Xiaomi) के ग्लोबल उपाध्यक्ष और इसकी भारतीय शाखा के पूर्व प्रमुख मनु कुमार जैन ने इस्तीफा दे दिया है। जैन ने कंपनी में लगभग नौ साल के कार्यकाल के बाद सोमवार को अपने इस्तीफे की घोषणा की है। बता दें कि हाल ही में माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के सार्वजनिक नीति प्रमुख सिनैड मैकस्वीनी ने कंपनी से इस्तीफा दिया था।
कंपनी द्वारा कथित विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन को लेकर प्रवर्तन निदेशालय और शाओमी के बीच चल रही कानूनी लड़ाई के बीच यह इस्तीफा हुआ है। बता दें कि जैन ने 2014 में भारत में शाओमी के लॉन्च की अगुवाई की थी। अपने इस्तीफे पर मनु कुमार जैन ने एक ट्वीट में कहा "जीवन में परिवर्तन ही एकमात्र स्थिर है! पिछले 9 वर्षों में, मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे इतना प्यार मिला है और इसने इस अलविदा को इतना कठिन बना दिया है। आप सभी का धन्यवाद। उन्होंने कहा "एक यात्रा का अंत रोमांचक अवसरों से भरे एक नए की शुरुआत का भी प्रतीक है। एक नए रोमांच के लिए नमस्ते!"
जैन ने आगे कहा "नौ साल बाद, मैं शाओमी समूह से जा रहा हूं। मुझे विश्वास है कि अभी सही समय है, क्योंकि हमारे पास दुनिया भर में मजबूत नेतृत्व वाली टीमें हैं। मैं विश्व स्तर पर शाओमी की टीमों को शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि वे और भी बड़ी सफलता हासिल करेंगे।"
हाल ही में मैकस्वीनी ने भी दिया है इस्तीफा
करीब एक महीना पहले ही माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के सार्वजनिक नीति प्रमुख सिनैड मैकस्वीनी ने कंपनी से इस्तीफा दिया है। सिनैड मैकस्वीनी ने कंपनी में लगातार हो रही छंटनी के बीच इस्तीफा दिया था। मैकस्वीनी के जाने की पहले सूचना नहीं दी गई थी।