व्हाट्सएप जल्द लॉन्च करेगा ई-सिम फीचर: विदेश में बिना लोकल सिम चलेगा इंटरनेट, एप से खरीद सकेंगे डेटा प्लान

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 27 Nov 2026 03:50 PM IST
सार

विदेश यात्रा करने वालों के लिए लोकप्रिय मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (WhatsApp) एक बेहद शानदार और काम का फीचर लेकर आ रहा है। कंपनी जल्द ही अपने एप के अंदर ही इंटरनेशनल ट्रैवल eSIM खरीदने और इंस्टॉल करने की सुविधा देने जा रही है।

Whatsapp to offer international travel esims within app partnership with jio verizon others
व्हाट्सएप एप के अंदर मिलेगा इंटरनेशनल ई-सिम। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    विदेश यात्रा करने वाले मुसाफिरों के लिए सोशल मीडिया और मैसेजिंग की दुनिया का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप (WhatsApp) एक बेहद शानदार और काम का फीचर लेकर आ रहा है। कंपनी जल्द ही अपने एप के अंदर ही इंटरनेशनल ट्रैवल eSIM (International Travel eSIM) खरीदने और इंस्टॉल करने की सुविधा देने जा रही है।

    इस इन-डेवलपमेंट फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि विदेश पहुंचने पर यात्रियों को एयरपोर्ट पर नया फिजिकल सिम कार्ड खरीदने की जरूरत नहीं होगी और न ही उन्हें महंगे इंटरनेशनल रोमिंग चार्जेस (Roaming Charges) या असुरक्षित पब्लिक वाई-फाई (Public Wi-Fi) पर निर्भर रहना पड़ेगा।

    Jio और Verizon के साथ मिलकर हो रही है तैयारी

    व्हाट्सएप ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि वह इस नई सुविधा के लिए प्रमुख eSIM प्रोवाइडर्स और दुनिया भर के नामी टेलीकॉम ऑपरेटरों के साथ काम कर रहा है। इसमें भारत की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी जियो (Jio) के अलावा विदेशी ऑपरेटर जैसे स्मार्ट एक्सियाटा (Smart Axiata), स्मार्ट कम्युनिकेशन्स और वेरिज़ॉन (Verizon) शामिल हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके प्लान्स, कीमत या इस सर्विस की शुरुआत करने वाले देशों के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन जल्द ही चुनिंदा देशों में इसकी टेस्टिंग शुरू हो जाएगी।

    पुराने नंबर पर ही चलता रहेगा व्हाट्सएप

    आमतौर पर जब लोग विदेश जाकर वहां का स्थानीय सिम लगाते हैं, तो उन्हें व्हाट्सएप का नंबर बदलने या ओटीपी की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लेकिन नए ट्रैवल eSIM के इस्तेमाल के बाद यूजर्स का व्हाट्सएप उनके मौजूदा नंबर पर ही बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा। यानी नंबर बदलने की कोई जरूरत नहीं होगी।

    व्हाट्सएप के प्रमुख कुणाल शाह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस पहल के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि कंपनी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि लोग दुनिया के किसी भी कोने में बिना किसी रुकावट के व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने अन्य eSIM पार्टनर्स को भी इस मुहिम से जुड़ने का न्योता दिया।

    एप के अंदर ही कैसे काम करेगा यह नया फीचर?

    हाल ही में एंड्रॉइड के लिए जारी व्हाट्सएप बीटा वर्जन (2.26.47.10) में इस ट्रैवल eSIM फीचर के संकेत मिले थे। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, एप के कोडिंग से पता चला है कि यूजर्स अपनी यात्रा के गंतव्य देश के हिसाब से एप के अंदर ही eSIM प्लान्स खोज सकेंगे। इसमें क्षेत्रीय, वैश्विक, निश्चित डेटा और अनलिमिटेड डेटा वाले प्लान्स के विकल्प मिलेंगे।

    व्हाट्सएप एप के अंदर ही eSIM सेटअप करने के निर्देश भी दिखाएगा और यह एंड्रॉइड के इन-बिल्ट eSIM इंस्टॉलेशन प्रोसेस के साथ काम करेगा, जिसमें सफल या असफल इंस्टॉलेशन के नोटिफिकेशन्स भी मिलेंगे।

    यात्रियों के लिए हवाई अड्डे पर उतरते ही बोर्डिंग पास शेयर करने, कैब बुक करने या परिवार को सुरक्षित पहुंचने की सूचना देने के लिए यह सुविधा गेम-चेंजर साबित हो सकती है।

    और पढ़ें...