Hotstar: क्या है हॉटस्टार, कैसे करता है काम, क्या फ्री में भी हो सकता है इस्तेमाल?
गौर करने वाली बात यह है कि हॉटस्टार को 6 फरवरी 2015 को शुरू किया गया था। उस वक्त इसे एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट वर्ल्ड कप की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए शुरू किया गया था, लेकिन आज एंड्रॉयड के अलावा यह आईओएस, फायर टीवी, एपल टीवी के अलावा वेबसाइट के रूप में भी उपलब्ध है।

विस्तार
भारत में इस वक्त शायद ही कोई शख्स होगा, जो हॉटस्टार के बारे में नहीं जानता है। इसके बाद भी अगर आपको इस एंटरटनेमेंट प्लेटफॉर्म की जानकारी नहीं है तो यह स्पेशल रिपोर्ट खास आपके लिए ही तैयार की गई है। इस रिपोर्ट में हम आपको बताएंगे कि हॉटस्टार क्या है? यह कैसे काम करता है और क्या इसे फ्री में भी इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं?
क्या है हॉटस्टार?
बता दें कि हॉटस्टार एक डिजिटल मनोरंजन प्लेटफॉर्म हैं, जिसका इस्तेमाल टीवी शो, मूवी, लाइव मैच, सीरियल और समाचार आदि देखने के लिए किया जाता हैं। इसे मोबाइल और स्मार्ट टीवी के साथ-साथ लैपटॉप पर भी चलाया जा सकता है। इस प्लेटफॉर्म पर वीडियो ऑन डिमांड के अलावा लाइव स्ट्रीमिंग की सहूलियत भी मिलती है।
कब शुरू हुआ था हॉटस्टार?
गौर करने वाली बात यह है कि हॉटस्टार को 6 फरवरी 2015 को शुरू किया गया था। उस वक्त इसे एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट वर्ल्ड कप की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए शुरू किया गया था, लेकिन आज एंड्रॉयड के अलावा यह आईओएस, फायर टीवी, एपल टीवी के अलावा वेबसाइट के रूप में भी उपलब्ध है। साथ ही, नौ भाषाओं में लोगों को कंटेंट मुहैया कराता है। हॉटस्टार की ओनरशिप नोवि डिजिटल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के पास है, जो वॉल्ट डिज्नी इंडिया के अंतर्गत आती है।
ऐसे हैं हॉटस्टार के फीचर्स
हॉटस्टार पर लाइव मैच स्ट्रीमिंग के साथ-साथ कई सहूलियत मिलती हैं। इनमें वीडियो ऑन डिमांड, टीवी चैनल्स आदि शामिल हैं। वीडियो ऑन डिमांड मोबाइल मनोरंजन का फीचर है। इस सर्विस की मदद से आप अपनी मर्जी और पसंद के वीडियो कभी भी देख सकते हैं। साथ ही, मूवी, वीडियो सॉन्ग, एल्बम आदि भी चुन सकते हैं। हॉटस्टार पर आपको स्टार नेटवर्क के सभी टीवी चैनल्स देखने के लिए मिलते हैं। इसके अलावा लाइफ ओके, स्टार वर्ल्ड, एचबीओ, शो टाइम, स्टार भारत, नेशनल जियोग्राफिक, स्टार उत्सव, स्टार स्पोर्ट्स सीरीज के सभी चैनल्स का आनंद ले सकते हैं।
क्या फ्री में देख सकते हैं हॉटस्टार?
हॉटस्टार की कुछ सर्विस का फायदा मुफ्त में उठाया जा सकता है। हालांकि, इस स्थिति में आपको एक दिन पुराना शो देखने के लिए मिलता है। वहीं, लाइव मैच भी पूरी तरह नहीं देख सकते हैं। ऐसे में हॉटस्टार ने कुछ पैकेज भी निकाले हैं। इनमें पहला प्लान सुपर के नाम से जारी किया गया है, जिसके लिए 899 रुपये सालाना देने होते हैं। इसमें सभी तरह की फिल्में, स्पोर्ट्स की लाइव स्ट्रीमिंग और स्पेशल कंटेंट देखे जा सकते हैं। हालांकि, इसमें बीच-बीच में विज्ञापन से जूझना पड़ता है। ऐसे में प्रीमियम पैकेज भी जारी किया गया है, जिसके लिए 1499 रुपये सालाना देना होता है। प्रीमियम प्लान को मंथली के आधार पर भी खरीदा जा सकता है, जिसके लिए 299 रुपये हर महीने देने पड़ेंगे।