Vodafone Idea Plan Hike: Vi को फिर महंगे करने चाहिए प्लान, इस कंपनी ने दिए सुझाव
वोडाफोन आइडिया को सब्सक्राइबर को लेकर भी मंथन की जरूरत है। कंपनी लगातार अपने ग्राहकों को खो रही है।

विस्तार
नए साल 2022 की शुरुआत से ठीक पहले सभी प्राइवेट कंपनियों ने अपने प्री-पेड प्लान महंगे किए हैं। उनमें Vodafone Idea (Vi) भी शामिल हैं। अभी हाल ही में कर्ज के बोझ तले दबी कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड ने कहा कि भारत सरकार टेलीकॉम कंपनी में 36 फीसदी हिस्सेदारी अधिग्रहित करेगी।
वोडाफोन आइडिया ने सरकार को देय लगभग 16,000 करोड़ रुपये की ब्याज देनदारी को इक्विटी में बदलने का विकल्प चुनने का फैसला किया है। इसके बावजूद वोडाफोन आइडिया के प्री-पेड प्लान के महंगे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मोतीलाल ओसवाल ने कहा कंपनी को महंगे करने चाहिए प्लान
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेस ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि Vodafone Idea को अपने टैरिफ प्लान महंगे करने चाहिए। आशंका है कि इस बार कंपनी प्री-पेड की बजाय अपने पोस्टपेड प्लान महंगे करेगी, हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वोडाफोन आइडिया को सब्सक्राइबर को लेकर भी मंथन की जरूरत है। कंपनी लगातार अपने ग्राहकों को खो रही है। मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2022 में भी लगभग 4-5 मिलियन ग्राहकों को कंपनी गवां सकती है।
नए टैरिफ से कंपनी को एवरेज रेवेन्यू प्रति यूजर (ARPU) में कम-से-कम 1.9 गुणा इजाफा होने की उम्मीद है। ओसवाल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी को कम-से-कम अपने प्लान में 3 गुणा इजाफा करना होगा। पिछले साल नवंबर में वोडाफोन आइडिया के प्री-पेड प्लान में करीब 25 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। नवंबर में प्लान की कीमतों में इजाफा होने के बाद से अभी तक कई बार कंपनी के प्लान अपडेट भी हो चुके हैं।