USA: साक्ष्य मिटाने के आरोप में गूगल पर लगा जुर्माना, प्रतिस्पर्धा नुकसान का मामला
मुक्त प्रतिस्पर्धा से जुड़े मामले को लेकर अमेरिका के कई शहरों में मुकदमे दायर हैं। इसे 38 राज्यों के 2.10 करोड़ लोगों से जुड़ा बताया गया है। इनमें गेमिंग कंपनी एपिक गेम्स और मैच ग्रुप भी पक्षकार हैं।

विस्तार
गूगल ने अपने कर्मचारियों की वह चैट डिलीट कर दी, जो मुक्त प्रतिस्पर्धा को नुकसान पहुंचाने के एक मामले में साक्ष्य के तौर पर उपयोगी थी। अमेरिका में चल रहे इन मामलों में सान फ्रांसिस्को के जिला जज जेम्स डोनाटो ने कहा, साक्ष्य संरक्षित रखने के अपने कर्तव्य में कंपनी विफल रही है। इसके लिए वादीगण गूगल से मुकदमे का खर्च बतौर जुर्माना वहन कराना चाहते हैं। अदालत ने इस राशि की जानकारी 21 अप्रैल तक मांगी है।
मुक्त प्रतिस्पर्धा से जुड़े मामले को लेकर अमेरिका के कई शहरों में मुकदमे दायर हैं। इसे 38 राज्यों के 2.10 करोड़ लोगों से जुड़ा बताया गया है। इनमें गेमिंग कंपनी एपिक गेम्स और मैच ग्रुप भी पक्षकार हैं। इनका कहना है, गूगल ने एंड्रॉइड मोबाइल के कई एप के वितरण में अपने एकाधिकार का दुरुपयोग किया। इससे उन्हें 470 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं, गूगल आरोपों से इन्कार किया है।
ऐसे शुरू हुआ नया विवाद
वादीगण के वकीलों ने बताया कि नया विवाद, तब शुरू हुआ जब कंपनी के कर्मचारियों की चैट की जानकारी गूगल से मांगी जा रही थी, लेकिन कंपनी ने हर 24 घंटे में यह चैट रिकॉर्ड डिलीट करने शुरू कर दिए। वकीलों के अनुसार, यह मुकदमे की विषयवस्तु से जुड़ी चैट थी। यह साक्ष्य थे, ऐसे में इन्हें जानबूझ कर डिलीट किया गया, जबकि उस समय मामला दायर हो चुका था।