अमेरिका के बड़े बैंकों में ऑनलाइन सर्विस ठप: जेपी मॉर्गन, बैंक ऑफ अमेरिका और वेल्स फार्गो की सेवाएं प्रभावित
- अमेरिका में लगातार हो रहे तकनीकी संकटों के बीच अब वहां के सबसे बड़े बैंक इसकी चपेट में आ गए हैं।
- सोमवार को जेपी मॉर्गन चेज, बैंक ऑफ अमेरिका और वेल्स फार्गो समेत कई प्रमुख बैंकों का ऑनलाइन बैंकिंग सिस्टम और मोबाइल ऐप अचानक ठप हो गए।
- इसकी वजह से लाखों ग्राहक न तो अपना बैलेंस चेक कर पा रहे हैं और न ही पैसे ट्रांसफर कर पा रहे हैं।

विस्तार
अमेरिका के बैंकिंग सिस्टम में सोमवार को बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। देश के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से हजारों ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जेपी मॉर्गन चेस, बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक और वेल्स फार्गो जैसे प्रमुख वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों ने खाते में लॉगिन करने, बैलेंस चेक करने और पैसे ट्रांसफर करने में दिक्कत की शिकायत की। इसके अलावा, डिजिटल मनी ट्रांसफर सर्विस जेली के इस्तेमाल में भी कुछ ग्राहकों को परेशानी हुई।
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, कैपिटल वन और ट्रुइस्ट बैंक के ग्राहकों ने भी बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत की शिकायत की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जेपी मॉर्गन चेस के सिस्टम में आई तकनीकी समस्या का असर दूसरे वित्तीय संस्थानों के साथ होने वाले ट्रांजैक्शन पर भी पड़ा।
जेपी मॉर्गन के 4,800 से ज्यादा ग्राहकों ने की शिकायत
- रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार सुबह से ही ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी होने लगी थी। दोपहर तक आउटेज से जुड़ी शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ गई। अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर 2 बजे (भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे) तक अकेले जेपी मॉर्गन चेस के करीब 4,800 ग्राहकों ने सेवाओं में दिक्कत की शिकायत दर्ज कराई थी।
- डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, जेपी मॉर्गन चेस के 53 फीसदी शिकायतकर्ताओं को खाते का बैलेंस और ट्रांजैक्शन की जानकारी देखने में परेशानी हुई। वहीं, 20 फीसदी ग्राहक अपने अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे थे। करीब 17 फीसदी ग्राहकों ने पैसे ट्रांसफर करने और वायर ट्रांसफर में समस्या की जानकारी दी।
- बैंक ऑफ अमेरिका के ग्राहकों ने एटीएम, ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत की शिकायत की। यूएस बैंक के ग्राहक भी अपने ऑनलाइन अकाउंट और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। उन्हें पैसे ट्रांसफर करने में भी परेशानी हुई। वहीं, वेल्स फार्गो के कई ग्राहक अकाउंट में लॉगिन करने, बैलेंस देखने और ट्रांजैक्शन करने में असमर्थ रहे।
जेपी मॉर्गन ने साइबर अटैक से किया इनकार
- अमेरिका का सबसे बड़ा बैंक जेपी मॉर्गन चेस ने इस गड़बड़ी की वजह अपने आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में आया सॉफ्टवेयर बग बताया। बैंक के मुताबिक, इस समस्या के कारण कुछ ट्रांजैक्शन में देरी हुई। कंपनी ने कहा कि उसकी टीम बैंकिंग सेवाओं को सामान्य करने के लिए काम कर रही है।
- इस दौरान कुछ ग्राहकों को स्क्रीन पर संदेश दिखाई दिया, जिसमें लिखा था कि कुछ सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें बाद में दोबारा कोशिश करनी चाहिए। बैंक ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि ग्राहक अपने अकाउंट और उसमें मौजूद पैसों का इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही, इस तकनीकी समस्या का साइबर अटैक से कोई संबंध नहीं था। जेपी मॉर्गन ने यह भी कहा कि दूसरे वित्तीय संस्थानों पर इस गड़बड़ी का असर सिर्फ उन्हीं ट्रांजैक्शन तक सीमित हो सकता है, जिनमें वे बैंक के साथ किसी लेनदेन में शामिल थे।
- दूसरी ओर, यूएस बैंक के एक प्रवक्ता ने सीबीएस न्यूज को बताया कि बैंक के अपने सिस्टम सीधे तौर पर इस आउटेज से प्रभावित नहीं हुए थे। हालांकि, दूसरे वित्तीय संस्थानों के साथ जेली के जरिए पैसे भेजने या प्राप्त करने वाले ग्राहकों को ट्रांजैक्शन में देरी का सामना करना पड़ सकता है।
एक हफ्ते में अमेरिका में तीसरी बड़ी तकनीकी समस्या
अमेरिकी बैंकों में आई यह गड़बड़ी ऐसे समय सामने आई है, जब देश में पिछले कुछ दिनों के दौरान दो अन्य बड़े टेक्निकल संकट भी देखने को मिले हैं। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में वैश्विक स्तर पर आउटेज हुआ था। वहीं, अमेरिका के विमानन नेटवर्क में भी तकनीकी समस्या के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी हुई थी।
पिछले सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट के आउटलुक और टीम्स जैसे प्लेटफॉर्म प्रभावित हुए थे। इस गड़बड़ी का असर दुनियाभर के यूजर्स, कंपनियों और सरकारी कामकाज पर पड़ा था। कंपनी ने बाद में बताया था कि यह तकनीकी समस्या थी और इसका साइबर अटैक से कोई संबंध नहीं था।
इससे कुछ दिन पहले अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) को अपने नेटवर्क में समस्या के कारण देशभर में विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश देना पड़ा था। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी इतिहास में ऐसा सिर्फ तीसरी बार हुआ था। इस वजह से बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए और हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। 15 नवंबर को एफएए ने बताया था कि देशभर में एयरलाइंस का शेड्यूल फिर से सामान्य हो रहा है।
- सैमसंग: स्मार्टफोन और चिप के बाद अब डेटा सेंटर कारोबार में उतरेगी कंपनी, 1 अरब डॉलर का लगाया दांव
- टेक टिप्स: गूगल क्रोम में सेव पासवर्ड हो सकता है लीक, पीसी और फोन में ऐसे लगाएं लॉक; जानें तरीका
- नवंबर 2026: वीवो, शाओमी और वनप्लस ला रहे हैं अपने धांसू फ्लैगशिप फोन्स; कैमरा और बैटरी में दिखाएंगे दम
- माइक्रोसॉफ्ट: तो इस वजह से 74 देशों में मच गई थी अफरातफरी, सेवाओं के ठप होने के पीछे सामने आई ये बड़ी वजह