फ्लिप में फेल हुआ चीन का कुंग-फू रोबोट: कैसे कलाबाजी दिखाने पर टूट गया पैर? वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Mon, 26 Oct 2026 02:47 PM IST
सार

जिस कुंग-फू रोबोट को कंपनी ने बॉडीगार्ड बताया, वही लाइव मंच पर एक फ्लिप में चूक गया। हवा में आखिर ऐसा क्या हुआ कि उसका पैर टूट गया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

Unitrees Kung Fu Robot Fails Mid Flip Did the H2 X Really Lose a Leg
यूनिट्री एच2-एक्स रोबोट - फोटो : Amar Ujala Digital

    विस्तार

    अपने नए बॉडीगार्ड रोबोट को लेकर सुर्खियों में छाई चीनी कंपनी Unitree के लिए हांगझोउ का मंच भारी पड़ गया। लाइव डेमो में H2-X रोबोट फ्लिप लगाते वक्त संतुलन खो बैठा और जमीन से टकराते ही उसके पैर का निचला हिस्सा अलग हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 22 अक्टूबर 2026 की है।

    आखिर मंच पर क्या हुआ था?

    हांगझोउ में वर्ल्ड फिजिकल AI कॉन्फ्रेंस और Unitree के पार्टनर इकोसिस्टम समिट के दौरान कंपनी H2-X की कलाबाजियां दिखा रही थी। वीडियो में रोबोट साइड फ्लिप की कोशिश करता है, हवा में संतुलन बिगड़ता है और गिरने पर उसके पैर का एक हिस्सा निकलकर अलग हो जाता है। हालांकि कंपनी की तरह से इसपर अब तक कोई बयान नहीं आया है।

    एक दिन पहले का 'हीरो' वीडियो

    इससे ठीक एक दिन पहले, 21 अक्टूबर को कंपनी ने H2-X का प्रमोशनल वीडियो जारी किया था। इसमें रोबोट मार्शल आर्ट्स, कूद-फांद और कार का अगला हिस्सा उठाने जैसे स्टंट करता दिखाई दे रहा था और इसे सुरक्षा व बचाव कार्यों के लिए पेश किया गया था। फर्क साफ है एडिट किए हुए वीडियो में सब कुछ परफेक्ट दिखता है, लाइव मंच पर हर गलती सबके सामने आ जाती है।

    फ्लिप इतना मुश्किल क्यों?

    • कलाबाजी में रोबोट को जोड़ों की गति, हवा में घूमना और उतरते समय का झटका, तीनों एक साथ संभालने पड़ते हैं।
    • इंसान घुटनों और मांसपेशियों से झटका सोख लेता है, जबकि रोबोट में यह काम मोटर, जोड़ और ढांचा करते हैं।
    • इसी वजह से लैंडिंग के वक्त सबसे ज्यादा जोर पैरों पर पड़ता है।
    • गड़बड़ी संतुलन के सॉफ्टवेयर में थी या पैर की मजबूती में, यह कंपनी के बताए बिना कहना मुश्किल है।

    वीडियो के बाद भी कंपनी के शेयर में तेजी

    इस घटना की दिलचस्प बात बाजार की प्रतिक्रिया है। फेल डेमो की खबरों के बावजूद Unitree का शेयर पांच दिन में 40% से ज्यादा चढ़ चुका है। सोमवार को JPMorgan की रेटिंग अपग्रेड के बाद यह 16.2% उछलकर 725 युआन पर पहुंच गया। यानी निवेशक अभी कंपनी की बड़ी तस्वीर देख रहे हैं और एक गिरते रोबोट से उनका भरोसा नहीं डिगा। लेकिन 29 अक्टूबर को कंपनी के नतीजे आने हैं, जहां उम्मीदों की असली परीक्षा होगी।

    यह भी एक जरूरी बात है कि Unitree के रोबोट पहले भी लड़खड़ाए हैं। मई 2026 में शेनझेन के एक इवेंट में मूनवॉक करता एक Unitree रोबोट दो बार गिरा और उसे स्टेज से घसीटकर हटाना पड़ा था। बार-बार ऐसे वीडियो आना बताता है कि लैब से असली दुनिया तक का सफर अभी लंबा है।

    क्या ह्यूमनॉइड रोबोट सुरक्षित हैं?

    सुरक्षा या रेस्क्यू में काम आने वाले रोबोट को सिर्फ स्टंट नहीं, ऊबड़-खाबड़ जमीन, अचानक आई रुकावट और इंसानों के आसपास भरोसेमंद रहना पड़ता है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी खुद इंसानों को रोबोट से कम से कम दो-तीन मीटर दूर रहने की सलाह देती है। फिजिकल AI की असली कसौटी यही है कि वह एक बार नहीं, बार-बार बिना चूके काम करे।