यूके का एक मामला: Alexa नाम के कारण स्कूल में छेड़ते हैं बच्चे, माता-पिता ने कंपनी से लगाई नाम बदलने की गुहार
एक मां ने इस वजह से अपनी बेटी का नाम तक बदल दिया है। एक मां का कहना है कि इस वजह से उनकी बेटी अपना नाम तक नहीं बताती है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस तरह की बुलिंग के मामले में स्कूल भी मदद नहीं कर पा रहा है।

विस्तार
अमेजन एलेक्सा के बारे में आप जानते ही होंगे, अगर नहीं जानते तो कोई बात नहीं। आपको बता दें कि एलेक्सा अमेजन का एक वर्चुअल असिस्टेंट है। अमेजन एलेक्सा लंबे समय से स्मार्ट होम, स्मार्ट स्पीकर और स्मार्टवॉच में अपनी सेवाएं दे रहा है लेकिन यह एलेक्सा अब किसी के लिए मुसीबत बन गया है। एलेक्सा की वजह से कई बच्चियों को स्कूल में बुलिंग का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर इन बच्चियों के माता-पिता ने अमेजन से शिकायत की है और नाम बदलने की गुहार लगाई है।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक जिन बच्चियों का नाम एलेक्सा रखा गया है, उन्हें स्कूल में बुलिंग का सामना करना पड़ रहा है। इन बच्चियों के माता-पिता का कहना है कि नाम की वजह से स्कूल में उन्हें चिढ़ाया जा रहा है और उनका मजाक बनाया जा रहा है। माता-पिता का कहना है कि इस तरह की बुलिंग से उनकी मानसिक सेहत पर असर पड़ रहा है और उनके आत्म विश्वास को चोट पहुंच रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक एक मां ने इस वजह से अपनी बेटी का नाम तक बदल दिया है। एक मां का कहना है कि इस वजह से उनकी बेटी अपना नाम तक नहीं बताती है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस तरह की बुलिंग के मामले में स्कूल भी मदद नहीं कर पा रहा है।
बीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि एलेक्सा नाम की बच्चियों के नाम को स्कूल में ठीक उसी तरह पुकारा जाता है जैसे वर्चुअल एलेक्सा के साथ होता है और फिर लोग आदेश भी देते हैं। माता-पिता की शिकायत पर अमेजन ने कहा है कि वह इस तरह की बातों से दुःखी है और वह किसी भी तरह की बुलिंग को स्वीकार नहीं करता है, हालांकि कंपनी ने नाम बदलने को लेकर कुछ नहीं कहा है।