अगले दो सालों तक टैरिफ प्लान की कीमतें नहीं होने वाली कम, दोगुनी होगी टेलीकॉम कंपनियों की कमाई

रिलायंस जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया ने हाल ही में अपने टैरिफ प्लान की कीमतों में 50 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी की है। इसके बाद से रिचार्ज कराने के लिए मोबाइल यूजर्स कोट अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है। साल 2016 में रिलायंस जियो की टेलीकॉम मार्केट में धमाकेदार एंट्री के बाद से टेलीकॉम कंपनियों के बीच गलाकाट टैरिफ युद्ध चल रहा था जो कि अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। इस टैरिफ वॉर ने टेलीकॉम की कमर तोड़ दी जिसके बाद कर्ज के बढ़ते बोझ को ध्यान में रखते हुए टेलीकॉम कंपनिओं टैरिफ बढ़ाने का ऐलान किया।
दोगुना हो जाएगा टेलीकॉम कंपनियों का मुनाफा

टैरिफ प्लान महंगे होने के बाद रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि टेलीकॉम कंपनियों के इस कदम से इनका मुनाफा दोगुना हो जाएगा और इससे टेलीकॉम सेक्टर की हालत में भी सुधार देखने को मिलेगा। क्रिसिल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि वित्त वर्ष 2019 में टेलीकॉम कंपनियों का मुनाफा 29,450 करोड़ रुपये था जो कि वित्त वर्ष 2021 में करीब 60,570 करोड़ रुपये हो सकता है।
ये भी पढ़ेंः कोलकाता में लॉन्च हुई BSNL 4G सेवा, प्लान की शुरुआती कीमत 96 रुपये !
एक्सिस कैपिटल ने भी कुछ दिन पहले कहा है कि टैरिफ महंगे होने से टेलीकॉम कंपनियों की वित्तीय स्थिति सुधरेगी, वहीं आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने कहा कि निजी टेलीकॉम कंपनियों का औसत रेवेन्यू (ARPU) अब 21 फीसदी तक बढ़ सकता है। उदाहरण के तौर पर समझें तो इस अनुमान के मुताबिक एयरटेल का 128 रुपये का प्लान 156 रुपये का और वोडाफोन आइडिया का 107 रुपये का प्लान 131 रुपये का हो सकता है।
भारत में सबसे सस्ता है मोबाइल इंटरनेट

हाल ही में सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मोबाइल इंटरनेट की कीमत को लेकर कहा, 'नरेंद्र मोदी सरकार को कांग्रेस की ओर से महंगा मोबाइल इंटरनेट विरासत में मिला था जो कि 2014 में 268.97 रुपये प्रति जीबी था, वहीं अब ट्राई के मुताबिक भारत में एक जीबी इंटरनेट की कीमत 11.78 रुपये है।' बता दें कि कुछ महीने पहले ही ब्रिटिश एजेंसी cable.co.uk द्वारा जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में मोबाइल इंटरनेट डाटा पूरी दुनिया में सबसे सस्ता है।
ये भी पढ़ेंः Jio ने फिर से दिया झटका, बंद किया यह सबसे सस्ता प्लान
केबल.को.यूके की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 1GB मोबाइल डेटा का मूल्य 0.26 डॉलर है, जबकि 1GB डाटा का औसत वैश्विक मूल्य है 8.53 डॉलर है। रिपोर्ट में कहा गया था कि स्विट्जरलैंड, साउथ कोरिया, अमेरिका, कनाडा, चीन, जर्मनी चार्ट के मुताबिक मोबाइल टैरिफ के मामले में भारत सबसे सस्ता है। दुनिया में सबसे महंगा मोबाइल इंटरनेट जिम्बाब्वे में है जहां एक जीबी डाटा की कीमत करीब 5,310.29 रुपये है।
एयरटेल-वोडाफोन पर 74,000 करोड़ का कर्ज

भारतीय टेलीकॉम सेक्टर की दयनीय हालत का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि दूसरी तिमाही में वोडाफोन-आइडिया को करीब 51,000 हजार करोड़ रुपये और एयरटेल को 23,000 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एयरटेल को करीब 62,000 करोड़ रुपये और वोडाफोन-आइडिया को 54,000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार को देने हैं जो कि अभी तक नहीं दिया गया है, हालांकि सभी टेलीकॉम कंपनियों को बकाये के भुगतान के लिए दो साल का वक्त दिया गया है।