वन यूआई 9.5: क्या आपके गैलेक्सी फोन की बैटरी तेजी से हो रही है डिस्चार्ज? सैमसंग ने बताया कब मिलेगा समाधान

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Thu, 26 Nov 2026 11:07 AM IST
सार
  • सैमसंग के लेटेस्ट One UI 9.0 अपडेट के बाद कई गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स को बैटरी हेल्थ तेजी से गिरने की समस्या झेलनी पड़ रही है।
  • शिकायतों के बाद अब कंपनी ने इस तकनीकी खामी को स्वीकार कर लिया है और भरोसा दिया है कि अपकमिंग One UI 9.5 अपडेट में इसे ठीक कर दिया जाएगा।
  • यह समस्या Galaxy S24 और Galaxy S25 सीरीज फोन में ज्यादा पाई गई है।
samsung one ui 9 5 update fix battery issues reported after one ui 9 0 rollout
सैमसंग One UI 9.5 में ठीक कर सकती है बैटरी की समस्या। - फोटो : सैमसंग

    विस्तार

    सैमसंग के स्मार्टफोन यूजर्स के लिए नया सॉफ्टवेयर अपडेट परेशानी का कारण बन गया है। कंपनी ने जुलाई 2026 में One UI 9.0 अपडेट जारी किया था, जिसके बाद कुछ Galaxy फोन यूजर्स ने बैटरी हेल्थ तेजी से गिरने की शिकायत की है। अब सैमसंग ने इस समस्या को स्वीकार करते हुए अगले अपडेट One UI 9.5 में इसे ठीक करने का भरोसा दिया है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि बैटरी वास्तव में खराब हो रही है या फोन गलत आंकड़े दिखा रहा है।

    One UI 9.0 अपडेट के बाद बैटरी हेल्थ में गिरावट

    सैमसंग का One UI 9.0 एंड्रॉयड 17 पर आधारित है। इस अपडेट में Galaxy स्मार्टफोन के लिए कई नए फीचर्स शामिल किए गए हैं। लेकिन कुछ यूजर्स का कहना है कि अपडेट इंस्टॉल करने के बाद उनके फोन की बैटरी हेल्थ तेजी से घटने लगी है।

    कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनके Galaxy S25 की बैटरी हेल्थ One UI 9.0 अपडेट के बाद तेजी से कम हो रही है। यूजर के मुताबिक, हर चार से पांच दिन में बैटरी हेल्थ कई प्रतिशत तक गिर जाती है। इससे फोन की बैटरी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

    सैमसंग ने मानी समस्या, One UI 9.5 में होगा सुधार

    इस समस्या को लेकर यूजर ने सैमसंग से संपर्क किया था। कंपनी ने शिकायत को स्वीकार करते हुए कथित तौर पर बताया है कि आगामी One UI 9.5 अपडेट में बैटरी हेल्थ से जुड़ी परेशानी को ठीक किया जाएगा।

    हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि बैटरी हेल्थ में गिरावट का कारण क्या है। संभव है कि सॉफ्टवेयर फोन की बैटरी हेल्थ को गलत तरीके से कैलकुलेट कर रहा हो या किसी बग के कारण आंकड़े लगातार कम दिखाई दे रहे हों।

    सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी या सच में खराब हो रही है बैटरी?

    अगर समस्या सिर्फ बैटरी हेल्थ की गलत रीडिंग से जुड़ी है, तो One UI 9.5 अपडेट के बाद सही आंकड़े दिखाई देने लग सकते हैं। इससे यूजर्स को बैटरी की असल स्थिति का पता चल सकेगा। लेकिन अगर One UI 9.0 अपडेट के कारण बैटरी की वास्तविक क्षमता तेजी से कम हुई है, तो मामला ज्यादा गंभीर हो सकता है। ऐसी स्थिति में सिर्फ सॉफ्टवेयर अपडेट से बैटरी की पुरानी क्षमता वापस आना संभव नहीं होगा।

    फिलहाल सैमसंग ने यह जानकारी नहीं दी है कि प्रभावित यूजर्स को बैटरी रिप्लेसमेंट या फोन बदलने जैसी सुविधा मिलेगी या नहीं। अब सबकी नजर One UI 9.5 अपडेट पर है, जिससे इस समस्या की असली वजह और समाधान सामने आने की उम्मीद है।

    और पढ़ें...