एक्सकवर 8: सैमसंग ला रहा है रग्ड स्मार्टफोन; स्नैपड्रैगन चिपसेट, 8GB रैम और 12MP सेल्फी कैमरा से होगा लैस
- सैमसंग जल्द ही अपने अपकमिंग रग्ड स्मार्टफोन XCover 8 को बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है।
- हाल ही में इन दोनों धांसू फोन्स की कैमरा डिटेल और प्रोसेसर से जुड़ी जानकारी लीक हुई है।
- इसके अलावा, कंपनी एक अनोखे स्लाइडिंग डिस्प्ले वाले फोन पर भी तेजी से काम कर रही है, जो भविष्य में स्मार्टफोन का डिजाइन पूरी तरह बदल सकता है।

विस्तार
सैमसंग अपने नए रग्ड स्मार्टफोन पर काम कर रही है। कंपनी जल्द ही गैलेक्सी एक्सकवर 8 (Galaxy XCover 8) को बाजार में उतार सकती है। लॉन्च से पहले इस फोन के कैमरे और हार्डवेयर से जुड़ी कुछ जानकारियां ऑनलाइन सामने आई हैं। खास बात यह है कि कंपनी इसके साथ एक और रग्ड स्मार्टफोन एक्सकवर FR/Scan भी पेश कर सकती है। दोनों फोन पिछले मॉडल के मुकाबले बेहतर हार्डवेयर के साथ आ सकते हैं।
सैमसंग एक्सकवर 8 में मिलेगा 5MP का फ्रंट कैमरा
SammyGuru की रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग के अपकमिंग रग्ड फोन एक्सकवर 8 में 5MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। वहीं, एक्सकवर FR/Scan में 12MP का सेल्फी कैमरा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों फोन के रियर कैमरे को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
हार्डवेयर की बात करें तो इन दोनों स्मार्टफोन में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन ड्रैगनविंग Q-6990 चिपसेट दिया जा सकता है। ये 8GB रैम के साथ दस्तक दे सकते हैं। इसके अलावा, इनमें RFID स्कैनिंग का सपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के काम आ सकता है, जिन्हें काम के दौरान सामान और अन्य चीजों को स्कैन करने की जरूरत पड़ती है।
फिलहाल लीक हुई जानकारी में इन फोन की डिस्प्ले, बैटरी और कीमत से जुड़ी डिटेल सामने नहीं आई है।
Samsung Galaxy XCover 7 के फीचर्स
सैमसंग ने गैलेक्सी एक्सकवर 7 को साल 2024 में लॉन्च किया था। यह कंपनी का रग्ड स्मार्टफोन है, जिसे मुश्किल परिस्थितियों में इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया गया है। इसमें 6.6 इंच का FHD+ डिस्प्ले मिलता है। फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 6100+ प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 6GB रैम और 4050mAh की बैटरी के साथ जोड़ा गया है।
फोटोग्राफी के लिए इसमें 50MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन को IP68 रेटिंग दी गई है, जो इसे धूल और पानी से सुरक्षा देती है। इसके अलावा, इसमें MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफिकेशन भी मिलता है। ऐसे में उम्मीद है कि नया एक्सकवर 8 भी मजबूती और टिकाऊपन के मामले में बेहतर फीचर्स के साथ आएगा।
स्लाइडिंग डिस्प्ले वाले फोन पर भी काम कर रही सैमसंग
रग्ड स्मार्टफोन के अलावा सैमसंग एक नए स्लाइडिंग डिस्प्ले वाले फोन पर भी काम कर रही है। टिप्स्टर आइस यूनिवर्स ने इस फोन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। दावा है कि कंपनी इसे आने वाले कुछ वर्षों में कमर्शियल तौर पर लॉन्च कर सकती है।
टिप्स्टर के मुताबिक, इस फोन का डिस्प्ले जरूरत के हिसाब से 16:9 से बढ़कर 21:9 आस्पेक्ट रेशियो तक हो सकेगा। इसके लिए फोन में स्लाइडिंग डिस्प्ले मैकेनिज्म दिया जाएगा। यानी यूजर जरूरत पड़ने पर स्क्रीन का साइज बढ़ा सकेंगे।
हालांकि, इस डिजाइन के साथ बैटरी की क्षमता एक बड़ी चुनौती बन सकती है। स्लाइडिंग मैकेनिज्म के लिए फोन के अंदर जगह देनी होगी, जिससे बैटरी का आकार सीमित रह सकता है। फिलहाल सैमसंग ने इस फोन के लॉन्च या फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
- गूगल जेमिनी: अब 'ओके गूगल' की जगह बोलें 'हे जेमिनी', आया नया वेक वर्ड, इस डिवाइस में मिलेगी सुविधा
- त्योहारी सीजन में भी नहीं बिके मोबाइल: रिटेलर्स की उम्मीदों पर फिरा पानी, बढ़ने के बजाए 20% घट गई बिक्री
- माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: 74 देशों में कामकाज ठप; पुलिस, बैंक-एयरलाइन पर असर; समस्या कितनी बड़ी? 10 सवालों में जानें
- बीजीएमआई एयर: एंड्रॉयड के बाद अब एपल पर भी प्री-रजिस्ट्रेशन शुरू, कम स्टोरेज वाले इस गेम में क्या है खास?