मिशन मंगल, Sacred Games-2 और बाटला हाउस ऑनलाइन लीक: रिपोर्ट

कई बॉलीवुड फिल्म की तरह की लोकप्रिय वेब सीरीज Sacred Games 2 भी ऑनलाइन पाइरेसी की शिकार हो गई है। सेक्रेड गेम्स 2 के पूरे एपीसोड एक वीडियो मैसेजिंग एप के साथ ही कई वेबसाइट्स पर लीक हो गई है। इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से कुछ वेबसाइट्स ऐसी भी हैं जिनके जरिए फिशिंग और मैलवेयर अटैक किया जाता है। वहीं इस मामले पर इंटरनेट और मोबाइल असोसिएशन ऑफ इंडिया ऐंड अलायंस (IAMAI) ने महाराष्ट्र साइबर डिजिटल क्राइम यूनिट (MCDCU) में शिकायत की है। साइबर टीम की मदद से पाइरेटेड कंटेंट को हटाया जा रहा है।
बाटला हाउस और मंगल मिशन भी हुईं लीक

सेक्रेड गेम्स 2 के साथ ही जॉन अब्राहम की 15 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म बाटला हाउस भी ऑनलाइन लीक हो गई है और गौर करने वाली बात यह है कि यह फिल्म भी इसी साइट पर लीक हुई है जिस पर सेक्रेड गेम्स 2 लीक हुई है। वहीं खबर है कि इसी वेबसाइट पर अक्षय कुमार की मिशन मंगल फिल्म भी लीक हो गई है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब इस साइट पर कोई नई फिल्म लीक हुई है। इससे पहले भी कई फिल्में इस साइट पर लीक हुईं हैं।
दिल्ली हाई-कोर्ट ने ब्लॉक करने का दिया है आदेश

बता दें कि अभी 12 अगस्त को ही दिल्ली हाई-कोर्ट ने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (ISPs) को आदेश देते हुआ कहा था कि वे इस तरह अवैध रूप से चल रही तमाम वेबसाइट्स को अपने नेटवर्क पर ब्लॉक करें। एक रिपोर्ट के मुताबिक ऑनलाइन फिल्म पाइरेसी की वजह से फिल्म उद्योग को करीब 200 अरब रुपये का नुकसान हो रहा है।